जमीन विवाद में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो लोगों की मौत, सात घायल
जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुफ्तफाबाद में जमीन विवाद को लेकर बुधवार को हिंसक घटना हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान अमित यादव (20) पुत्र श्रवण यादव और इंदु देवी (40) पत्नी मनोज यादव के रूप में हुई हैं। वहीं, घायलों में निलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहबलाल (22), मनोज यादव (45), शांति यादव (20) और किशन यादव (16) शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से स्कॉर्पियो से दूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का आरोप है। वाहन की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। थाना पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद की वजह और स्कॉर्पियो से कुचलने के आरोपों की जांच कर रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

