गांधी जयंती पर लाखों की अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती पर शराबबंदी के चलते सक्रिय हुए अवैध शराब बिक्री करने वाले लोगों के विरुद्ध थाना मक्खनपुर पुलिस और आबकारी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने लाखों की शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिकोहाबाद जयबिंद कुमार गुप्ता ने बताया कि गांधी जयंती पर शराब की बिक्री प्रतिबंधित होने के चलते अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान मक्खनपुर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को सलेमपुर गांव में अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की तो मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से दो लोगों राजीव और संजीव पुत्रगण प्राग सिंह निवासी वरियारमऊ थाना मक्खनपुर को गिरफ्तार किया। टीम ने कुल 29 पेटी शराब बरामद की है। बरामद शराब की मात्रा करीब 219 लीटर है और इसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।
एएसपी ने बताया कि शराब की अवैध बिक्री और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

