home page

सरकारी धन गबन मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक छह की हो चुकी गिरफ्तारी

 | 
सरकारी धन गबन मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक छह की हो चुकी गिरफ्तारी


- फर्जी दस्तावेज और डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग कर रिश्तेदारों के खातों में भेजी गई थी सरकारी रकम, एसआईटी कर रही जांच

मीरजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। नहर विभाग में फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी धनराशि के गबन के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत जाली दस्तावेज तैयार करने और डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग कर सरकारी धनराशि का भुगतान कराने का आरोप है। इस मामले में पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। रविवार को दो और गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल छहआरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को मीरजापुर नहर विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कार्यालय के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग कर अस्तित्वहीन कर्मचारी के नाम पर उनके परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में सरकारी धनराशि का भुगतान किया गया। इस तरह सरकारी धन का गबन किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। साथ ही स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली शहर पुलिस की टीमें लगाई गईं।

विवेचना के दौरान रविवार को थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामजद आरोपित घुरहुपट्टी निवासी जितेंद्र कुमार और सोनभद्र जिले के सतौहां

निवासी अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा