कार से कुचलकर युवक की हत्या में दो गिरफ्तार, चार की तलाश
- लूट की नीयत से हमला करने का आरोप, दोनों आरोपितों को जेल भेजा
मीरजापुर, 11 नवंबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में युवक को कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में नामजद चार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
हिनौता गांव निवासी अजय सिंह की शुक्रवार रात कार से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई विक्रम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि कार सवार लोगों ने लूट की नीयत से हमला किया और उनके भाई को जोरदार टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान अजय की मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर राजगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में निरीक्षक नरेंद्र कुमार राय की टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने नीरज सिंह पुत्र अश्वनी सिंह और विशाल सिंह पुत्र जवाहर सिंह निवासी कठेरवा, थाना चुनार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। राजगढ़ थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि मामले में अन्य चार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

