नकली कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक पकड़ा गया
उरई, 24 जून (हि.स.)। जिले की कोंच कोतवाली क्षेत्र में नकली कोल्ड ड्रिंक के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। वरूण बेवरेज कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को 1200 पेटियों (करीब 5 लाख रुपये कीमत) की नकली कोल्ड ड्रिंक से भरे एक ट्रक को कब्जे में ले लिया।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती स्थित कंजर बाबा के पास का है, जहां नकली माल उतारा जा रहा था। वरूण वेवरेज कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर राकेश मिश्रा को सूचना मिली कि कोंच के कंजड़ बाबा, जवाहर नगर क्षेत्र में एक ट्रक (यूपी82 टी5354) में पेप्सी कंपनी की नामी कोल्ड ड्रिंक के नाम पर नकली माल लाया गया है। आशुतोष व्यास, बालाजी ट्रेडर्स (पेप्सी एजेंसी) के संचालक ने कंपनी को इसकी सूचना दी। कंपनी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो माल नकली पाया गया। जांच में सामने आया कि यह नकली माल कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था। ट्रक चालक सुरेंदर से पूछताछ जारी है, जबकि इस माल को रामकिशन अग्रवाल की गोदाम पर उतारा जा रहा था।
फिलहाल, कोंच कोतवाली प्रभारी हरि शंकर ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। कंपनी अधिकारियों ने उप जिलाधिकारी को शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद माल के नकली होने की पुष्टि हुई है शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

