home page

किन्नर की हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा, साथी गिरफ्तार

 | 
किन्नर की हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा, साथी गिरफ्तार


मीरजापुर, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिले किन्नर के शव का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शुक्रवार काे खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि पड़री थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए भदोही जिले के चक जीवरानी निवासी सोनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (यूपी-65 क्यूटी-2228) बरामद किया गया। मृतक सत्तार खान उर्फ हसीना के पुत्र अरशलान ने हत्या की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रहता था, लेकिन उससे अलग होना चाहता था। आरोप है कि मृतक उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने रामनगर बुलाकर पहले शराब पिलाई, फिर नशे की हालत में मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ऑटो में लादकर पड़री क्षेत्र के सुनसान रेलवे ट्रैक के पास ले गया और सीमेंट की बाउंड्री के पीछे छिपा दिया। लोगों को गुमराह करने के लिए शव के गले पर भारी पत्थर भी रख दिया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा