home page

एक करोड़ पैंतालीस लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
एक करोड़ पैंतालीस लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार


प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की नारकोटिक्स टास्क फोर्स की प्रयागराज फील्ड इकाई और धूमनगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार को स्मैक के अवैध कारोबार करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को नेहरू पार्क खंडहर के अंदर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से लगभग एक करोड़ 45 लाख की स्मैक एवं तमंचा व कारतूस बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के ताड़बाग सुलेम सराय निवासी दीपक कुमार गौतम पुत्र विश्वनाथ स्मैक तस्करी का सरगना है। जबकि इसके सहयोगी नई बाजार सुलेम सराय निवासी विवेक कुमार पुत्र वीरेंद्र कुमार भारतीया तथा प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी आशीष कुमार मौर्य पुत्र मनोज कुमार है।

डीसीपी ने बताया कि 31 मार्च को मुखबिर की सूचना पर नेहरू पार्क खंडहर के अंदर थाना धूमनगंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों दीपक कुमार गौतम, आशीष कुमार मौर्या एवं विवेक कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 06 पैकेट स्मैक (कुल वजन 727 ग्राम), 04 मोबाइल फोन, 4940 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा 02 जिन्दा कारतूस बरामद किए। इस संबंध में थाना धूमनगंज में मु0अ0सं0 99/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था कमिश्नरेट प्रयागराज द्वारा 25,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल