home page

चोरी की 9 वारदातों में वांछित शातिर बदमाश समेत 3 गिरफ्तार

 | 
चोरी की 9 वारदातों में वांछित शातिर बदमाश समेत 3 गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले की ईसानगर पुलिस ने चोरी के 9 से अधिक मामलों में वांछित चल रहे एक शातिर बदमाश और चोरी का माल खरीदने व छिपाने वाले दो सुनारों (रिसीवर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और 69 हजार रूपये की नकदी बरामद की है।

एसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि थानाध्यक्ष ईसानगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरसी के पास से मुख्य अभियुक्त सुनील यादव को दबोचा। सुनील यादव की निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने और उन्हें ठिकाने लगाने वाले उसके दो साथियों, मोनिस और हर्षित रस्तोगी को भी चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया गया। सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल लखीमपुर खीरी भेज दिया गया है।

मुख्य अभियुक्त सुनील यादव बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर थाना ईसानगर, खमरिया और धौरहरा में चोरी, सेंधमारी और माल बरामदगी से संबंधित 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, वह थाना ईसानगर में दर्ज एक अन्य मामले और वर्ष 2024 में थाना खमरिया में दर्ज अपहरण, बलात्कार व पॉक्सो एक्ट जैसे जघन्य अपराध में भी नामजद है।

वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य दो अभियुक्त मोनिस (26) श्यामलालपुरवा, कस्बा और हर्षित रस्तोगी ग्राम बसहिया का रहने वाला है। वह लोग चोरी का माल खरीदते थे। इन दोनों के खिलाफ भी थाना ईसानगर में चोरी का माल छुपाने और खरीदने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव