मीरजापुर में 30 लाख की हेरोइन के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार
मीरजापुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की कटरा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को नटवां कब्रिस्तान मार्ग से 152 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 78 खाली प्लास्टिक की पुड़िया भी बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नटवीर चौराहे से नटवां कब्रिस्तान की ओर जाने वाले मार्ग पर तीनों आरोपितों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान देवरी आमघाट निवासी सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर, बर्जी मुकुंदपुर निवासी सैफ अली और लोहंदी रोड निवासी पूजा तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्कूटी और मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर बेचते थे।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ कटरा कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

