ट्रेनों में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
मीरजापुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जीआरपी ने बुधवार को मीरजापुर रेलवे स्टेशन के हावड़ा छोर से तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी के सात मोबाइल, पीली धातु की एक चेन, सफेद धातु का एक ब्रेसलेट और 11 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपित ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने और आउटर पर ट्रेन से उतरते समय यात्रियों के बैग झपटने की घटनाओं काे अंजाम देते थे।
जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के फुट ओवरब्रिज के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हावड़ा छोर पर पीडब्ल्यूआई वेल्डिंग शॉप के पास नीम के पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं और किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान फुलेन्दर उर्फ राज चौहान (27) निवासी धौरुपुर, कोतवाली देहात, शिवमंगल चौहान (26) निवासी ककरद और शुभम कुमार गुप्ता (19) निवासी दीपनगर, संत नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपिताें ने ट्रेनों में यात्रा के दौरान यात्रियों का सामान चोरी करने और आउटर पर यात्रियों के उतरते समय बैग झपटने की बात स्वीकार की। बरामद सामान के संबंध में जीआरपी मीरजापुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में जीआरपी के साथ आरपीएफ और टीओपीवी स्पेशल टीम के जवान भी शामिल रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

