महिलाओं से लूटपाट करने वाले दो किन्नर समेत तीन गिरफ्तार
लखनऊ, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना पुलिस ने महिला से लूट करने वाले किन्नर गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट के जेवर, एक कार बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनन्द ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि एक महिला रोजाना की तरह सोमवार को मार्निंग वाक पर गई थी। इस दौरान कार सवार कुछ लोगों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगल सूत्र व कान की बाली तोड़कर भाग गए। बदमाशों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गयीं। इस दौरान सौ से डेढ़ सौ सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। पुलिस ने मंगलवार को अलीनगर खुर्द अंडरपास से 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूट के जेवर बरामद किए गये।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम कृष्णानगर के बरगवां निवासी अजय रावत उर्फ रानी किन्नर, कानपुर नगर के लाल बंगला निवासी आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका उर्फ कम्मो और लखनऊ के सहादतगंज निवासी रफीक अहमद बताए हैं। उनका साथी उन्नाव निवासी अन्नू फरार है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकारा कि 4 मई को वैगनार कार से सवार होकर लूट करने के इरादे से निकले थे। सुबह करीब 06 बजे के आसपास बिजनौर कस्बे में सड़क के किनारे दो महिलाएं जेवर पहने दिखीं। उनके करीब पहुंचकर गाड़ी रोकी और उतरकर देखा तो महिलाएं कान में सोने की बाली भी पहने थी। चारों आरोपित ने मिलकर उस महिला के घर में शादी होने की बात करते हुए बातों में फंसाया और उनके गले का मंलगसूत्र व पहने हुए दोनों कानों की बाली को डरा धमकाकर छीनकर कार से भाग गये। पुलिस को वही मंगलसूत्र व कान की बाली जो महिलाओं से लूटे हैं वो बरामद हुई हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपित किन्नर हैं। यह लोग किन्नर होने का फायदा उठाकर ओला बुक करके अलग—अलग मार्केट को टार्गेट कर महिलाओं से पैसे मांगते थे। पैसे न मिलने पर कपड़े उतार कर ओछी हरकतें करते हैं और महिलाओं को डरा धमकाकर पहनी हुई ज्वैलरी छीन लेते हैं। पैसा न देने पर उनसे मारपीट भी करते है। आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए फरार अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

