छत का दरवाजा बाहर से बंद कर चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर
मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार रात चोरों ने शातिराना अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। छत पर सो रहे परिवार के लोगों को बाहर से बंद कर चोर घर में घुस गए और नगदी समेत करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रजौहा गांव निवासी रामलाल की पत्नी दया देवी और छोटा बेटा रोहित बुधवार रात घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और छत पर जाने वाले दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि परिवार के लोग नीचे न आ सकें।
इसके बाद चोर सीढ़ी के सहारे नीचे उतरे और कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। आलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नगदी समेट ले गए।
गुरुवार सुबह जब दया देवी की नींद खुली तो छत का दरवाजा बंद मिला। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला। नीचे पहुंचकर कमरे का सामान बिखरा देख परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर सोने का मंगलसूत्र, झुमका, बिजली, दो अंगूठी सेट, दो सेट पैजनी, दुल्हनिया पायल तथा छह हजार रुपये नकद उठा ले गए। चोरी के बाद चोर घर के पीछे तालाब के पास खाली अटैची और सूटकेस फेंक गए।
सूचना पर पहुंचे पटेहरा चौकी प्रभारी अमरनाथ यादव ने पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। तालाब के पास मिले अटैची और सूटकेस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सर्विलांस की मदद से जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

