घर में सोता रहा युवक, बाहर से दरवाजा बंद कर चोरों ने उड़ाए 15 लाख के गहने
मीरजापुर, 20 अगस्त (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पतेरी गांव में बुधवार की रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नगदी समेत करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। चोरों ने घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे युवक को बाहर से बंद कर दिया और बेखौफ होकर पूरी रात घर खंगालते रहे। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र के मुताबिक, पतेरी गांव निवासी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को उनके मौसा का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के अधिकांश सदस्य बाहर गए थे। रितेश मीरजापुर नगर में रहते हैं, जबकि उनका भाई अनिमेष घर पर अकेला था। रात में भोजन करने के बाद अनिमेष घर के बाहर स्थित गेस्ट रूम में सो गया।
आरोप है कि देर रात चोरों ने पहले गेस्ट रूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सामान निकाल लिया और पूरे घर को खंगाल डाला। पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 10 हजार रुपये नगद और लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए। वारदात के बाद चोर घर के पीछे का दरवाजा खोलकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह अनिमेष की नींद खुली तो गेस्ट रूम का दरवाजा बाहर से बंद मिला। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला। बाहर निकलकर उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए। अंदर पहुंचने पर अलमारी और बक्से टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पतेरी गांव में चोरी की सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

