देवरिया में पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो घायल
मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के पास से दो चार पहिया वाहन, अवैध तमंचा-कारतूस, 40 पेटी देशी शराब और 95 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्र व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली कि सोनपुर में शराब दुकान चोरी का माल बेचने के लिए बदमाश पिकअप व कार से सोनभद्र जा रहे हैं। देर रात अहरौरा फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिकअप रोकने का प्रयास किया तो बदमाश जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में करन बिंद व गंगा राम बिंद घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने रामपुर ढबही से दो अन्य आरोपित आर्यन यादव व रामभरोस साहनी को भी गिरफ्तार किया। उनके पास से कार, चार पेटी शराब व 27 हजार 200 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पहले इलाके की रेकी कर खाली मकानों व दुकानों को निशाना बनाते थे। चोरी का सामान मुगलसराय स्थित गोदाम में रखकर बाद में बिहार में बेच देते थे। अहरौरा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने गुरुवार को बताया कि गिरोह से जुड़े कुल सात मामलों का खुलासा हुआ है और आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

