home page

29 चोरी की बैटरियों के साथ दो इनामी चोर गिरफ्तार

 | 
29 चोरी की बैटरियों के साथ दो इनामी चोर गिरफ्तार


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा पुलिस ने शुक्रवार को वाहन बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 29 बैटरियां और एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपितों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र ने बताया कि पियरवा पोखरा निवासी राजकुमार ने ट्रक से दो बैटरियां चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घाटमपुर (अहरौरा) निवासी लवकुश और चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी श्रवण कुमार बिंद को चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल के साथ लखनियां दरी के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 29 चोरी की बैटरियां बरामद की गईं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी चंदौली के अलीनगर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका तीन सदस्यीय गिरोह मीरजापुर, चंदौली और वाराणसी जनपद में सड़क किनारे खड़े ट्रक, ट्रैक्टर और ट्रेलरों की बैटरियां तथा मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी का सामान सुनसान स्थानों पर छिपाकर बाद में ग्राहकों को बेच दिया जाता था और रुपये आपस में बांट लिए जाते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के फरार तीसरे सदस्य की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा