मीरजापुर : बंद मकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी तोड़ ले गए चोर
मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जिगना थाना क्षेत्र में बीती रात रविवार काे बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पार कर दी। साेमवार की सुबह घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।
गौरा गांव निवासी सूर्यमणि सिंह दो मई की सुबह अपनी पत्नी शोभा देवी का इलाज कराने प्रयागराज गए थे। पत्नी को निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह वहीं रुक गए। रविवार रात करीब नौ बजे जब वह घर लौटे तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। मुख्य गेट का ताला सही सलामत था, लेकिन अंदर के तीन कमरों के ताले टूटे पड़े थे। आशंका है कि चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और आराम से चाेरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित के अनुसार चोरों ने आलमारी का लॉकर काटकर करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व कीमती सामान तथा एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और हार्ड डिस्क व वाई-फाई उपकरण भी उखाड़ ले गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम ने बिखरे सामान व खाली डिब्बों की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी व माल बरामदगी जल्द की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

