बंद मकानों की रेकी से किला मैदान तक पहुंचा चोरी का खेल, पांच गिरफ्तार
- किला मैदान के कमरे में छिपे थे चोर, पुलिस ने घेरा तो भागने लगे
मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। चुनार पुलिस ने शुक्रवार को चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ एक लाख रुपये नकद और डाकघर की पासबुक बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपित बंद मकानों की रेकी करने के बाद ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब दो बजे मुखबिर की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, कजरहट चौकी प्रभारी सदानंद और अदलपुरा चौकी प्रभारी कुमार संतोष पुलिस टीम के साथ किला परेड ग्राउंड के पास पहुंचे। कमरे में मौजूद संदिग्ध पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर सभी पांचों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में पचराव गांव निवासी अभिषेक तिवारी और मोहित तिवारी, वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के दिनदासपुर निवासी अनुज तिवारी, पार्थ उर्फ साहिल तथा सजोई निवासी मोहम्मद शान शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने शुक्रवार काे बताया कि सात अगस्त को कस्बा चुनार और 18 अगस्त को भरेहठा गांव में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह पहले बंद मकानों की रेकी करता था। कुछ सदस्य बाहर रहकर आने-जाने वालों पर नजर रखते थे, जबकि अन्य ताला तोड़कर घर में घुसते और आभूषण व अन्य सामान चोरी करते थे। चोरी के सामान को आपस में बांटने के बाद कैमरों से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन और बस से ले जाकर बेचते थे।
आरोपितों के पास से सोने का हार, चेन, दो लॉकेट, मंगलसूत्र, दो जोड़ी कंगन, सात जोड़ी कान की बाली, सात अंगूठियां, सात जोड़ी पायल, घुंघरू वाली दो जोड़ी पायल समेत एक लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

