हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के बंद मकान में लाखों की चोरी, पुलिस महकमे में हड़कंप
- जिगना के खैरा गांव में दस कमरों के टूटे मिले ताले, एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
मीरजापुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में प्रयागराज हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय के बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घर के दस कमरों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये का माल पार कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
न्यायमूर्ति के बड़े भाई माताम्बर उपाध्याय ने बताया कि वह गाजियाबाद में नौकरी करने वाले अपने बेटे के पास दवा-इलाज के लिए गए थे। शनिवार शाम घर लौटने पर जैसे ही उन्होंने मुख्य गेट का ताला खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मकान के दस कमरों के ताले टूटे पड़े थे। आलमारी के लॉकर और संदूक के ताले भी खुले हुए थे।
आशंका है कि चोर मकान के पिछवाड़े से छत पर चढ़कर आंगन में उतरे और वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और फिंगरप्रिंट लिए। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
माताम्बर उपाध्याय चार भाइयों में सबसे बड़े हैं और गांव में रहकर खेतीबाड़ी का कामकाज देखते हैं। उनके छोटे भाई रामकृष्ण उपाध्याय जिला जज पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि तीसरे भाई श्रीकृष्ण उपाध्याय राजगढ़ ब्लॉक में एडीओ पंचायत के पद पर तैनात हैं। सबसे छोटे भाई जय कृष्ण उपाध्याय प्रयागराज हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति हैं। वह भी घर पहुंच गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

