home page

लखीमपुर में चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

 | 
लखीमपुर में चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार


-दाे बाल अपचारी भी लिए गए संरक्षण में

लखीमपुर खीरी, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में थाना फरधान पुलिस ने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चोरी के मुकदमों का खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दाे बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल और नकदी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने शुक्रवार को बताया कि फरधान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अमानलाला मोड़ के पास कुछ लोग चोरी के सामान व रुपयों का आपस में बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने अमानलाला मोड़ से गांव की तरफ करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी कर पांचों आरोपिताें को धर दबोचा। पकड़े गए बालिग अभियुक्तों में अभिषेक वर्मा उर्फ फूल (21) निवासी ग्राम गुमचीनी, अमित वर्मा (25) निवासी ग्राम ढखवा तथा मनोज कुमार (35) निवासी ग्राम गुमचीनी शामिल हैं, जबकि दाे बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने तीन दिन पूर्व ग्राम गुमचीनी स्थित गुप्ता कॉटेज उद्योग से लोहे व पीतल के मशीनरी पार्ट्स चुराए थे। इस संबंध में मु0अ0सं0 340/2026 धारा 305(ए) बी.एन.एस. दर्ज था। इसके अलावा लगभग एक माह पूर्व ग्राम गूंगेपुर के एक घर से एलसीडी व नकदी चुराई थी। उस प्रकरण में मु0अ0सं0 279/2026 धारा 303(2) बी.एन.एस. पंजीकृत था। अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की एलसीडी को एक अज्ञात फेरी वाले को बेचकर रकम आपस में बांट ली गई थी। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के मशीनरी पार्ट्स व लोहे-पीतल के टुकड़ों से भरी 05 बोरी और 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बी.एन.एस. की बढ़ोतरी करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय तथा बाल अपचारियों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव