सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा, 65 लाख के आभूषणों के साथ आठ गिरफ्तार
मीरजापुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में सर्राफा दुकान से आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के आठ अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। अभियुक्तगण दिन में रेकी करने के बाद रात में दुकानों और घरों को निशाना बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया किचिनियहवा इनारा डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा ने 23 अगस्त को कटरा कोतवाली में दुकान से रात के समय आभूषण चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सूचना तथा भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें बिहार राज्य के गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार,राजकुमार खरवार, चैम्पियन कुमार,बीरेन्द्र कुमार,विकास कुमार और आनन्द कुमार खरवार शामिल है। इनके पास से सफेद और पीली धातु के आभूषणों के अलावा पेचकस, प्लास, रंभा, हथौड़ा और छेनी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास डेरा डालते थे। दिन में शहद या खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में दुकानों और घरों में घुसकर आभूषण, कीमती सामान और नकदी चोरी करते थे। चोरी के गहनों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। पूछताछ में आरोपितों ने मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत कई जिलों में इस तरीके से वारदात करने की जानकारी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

