लखनऊ में किशाेरी से दुष्कर्म, नामजद आरोपितों से पुलिस कर रही पूछताछ
लखनऊ, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात को एक निर्माणाधीन मकान में किशोरी बेसूध हालत में मिली। परिजनों का कहना है कि आंधी बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन मकान में ठहरी बच्ची से एक किशोर ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किशोरी शोर न मचा सके इसलिए उसके मुहं कपड़े से बांधकर उसे मारापीटा गया है। पुलिस ने नामजद आरोपित को हिरासत में लेकर किशोरी को अस्पताल पहुंचाया।
डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आशियाना इलाके में रहने वाली एक किशोरी अपनी मां की तबीयत खराब होने पर उसकी जगह मंगलवार की शाम काम करने के लिए गई थी। लड़की देरशाम को काम करके वापस लौट रही थी, इसी बीच तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास के एक निर्माणाधीन मकान में रुक गई। आरोप है कि निर्माणाधीन मकान में माैजूद किशोर ने किशोरी को पकड़कर उसके साथ घिनौनी हरकत की। इधर किशोरी के घर न पहुंचने पर परिजन उसे खोजबीन करते हुए पहुंचे तो वहां मौजूद मुख्य आरोपित समेत अन्य लड़के उन्हें देखकर भागने लगे। शोर मचाकर लड़कों को पकड़ लिया गया। परिजनों ने देखा कि उनकी बेटी बदहवास हालत में पड़ी थी। इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
डीसीपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत पांच लाेगाें को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस वारदात में अन्य युवकाें की संलिप्तता है कि नहीं इसकी पुलिस जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

