नाबालिग लड़की घर से 32 हजार नकद और दो लाख के जेवर लेकर लापता
मुरादाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग लड़की दीपावली की रात्रि अपने घर से 32 हजार की नकदी और दो लाख के जेवर लेकर लापता हो गई। किशोरी की मां ने इस मामले में सोमवार को अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 08 नवंबर की रात्रि करीब 8:45 बजे घर से अचानक लापता हो गई। महिला ने घर की तलाशी ली तो पता चला कि बेटी घर से 32 हजार रुपये और दो लाख के जेवर भी ले गई है। महिला ने बताया कि उसकी बेटी को कोई युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि नाबालिग लड़की की मां की तहरीर के आधार पर आज अज्ञात आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

