home page

बिजनौर में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, आराेपित ने थाना में किया आत्मसमर्पण

 | 
बिजनौर में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, आराेपित ने थाना में किया आत्मसमर्पण


बिजनौर, 15 सितम्बर (हि.स.)। जनपद के थाना नजीबाबाद क्षेत्र स्थित शौपूरी गांव में मंगलवार दोपहर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक नौशाद (40) को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को परिजन उपचार के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मुख्य आरोपित ने थाना में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मूलरूप से सिकोड़ा निवासी नौशाद शौपूरी गांव में रहकर स्थानीय सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह स्कूल से कुछ दूरी पर थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंचे ग्रामीण और परिजन उन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग शोक जताने पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। राहतपुर के ग्राम प्रधान मोहम्मद मुस्तफा समेत कई गणमान्य लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी।

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र