home page

बागपत में ‘पोस्टर गैंग’ का पर्दाफाश, दाे महिला समेत 6 अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
बागपत में ‘पोस्टर गैंग’ का पर्दाफाश, दाे महिला समेत 6 अभियुक्त गिरफ्तार


बागपत, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की थाना साइबर क्राइम ने दीवारों पर पंपलेट चिपकाकर फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ‘पोस्टर गैंग’ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर नैथला मोड़ के पास से दो कारों को घेरकर चार शातिर और दो महिला समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

क्षेत्राधिकारी रोहन चौरसिया ने बताया है कि यह गैंग ‘दीपावली ऑफर के तहत आधार और पैन कार्ड पर कम ब्याज पर 01 लाख से 10 लाख तक बिजनेस लोन’ के आकर्षक पंपलेट बड़ौत और अन्य कस्बों में चिपकाते थे। लोन लेने वाले भोले-भाले लोगों को फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर फर्जी बैंक खातों में ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर कराते और फिर मोबाइल बंद कर ठगी करते थे।

पूछताछ में पता चला कि गैंग बिजनौर में नया ऑफिस खोलकर वहां भी ठगी की तैयारी में था। एनसीआरपी पोर्टल पर गैंग के खिलाफ सात साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं। इन लाेगाें ने मंसूरपुर, शाहपुर, जानसठ, मुजफ्फरनगर और लोहारी, बागपत में 7350 से 57,600 रुपये तक की ठगी की है। गिरफ्तार अभियुक्ताें में लोकेश उर्फ गुड्डू, रवि, अजीत, अमित और दो महिला अपराधी शामिल है। पकड़े गए आरोपिताें के पास से 15 हजार फर्जी पंपलेट और 20,200 रुपये समेत अन्य चीजें बरामद हुई हैं। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों और किये गए अपराधों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी