home page

लापता युवक का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका

 | 
लापता युवक का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका


मीरजापुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी से करीब एक किलोमीटर दक्षिण-पूर्व कठवइयां गांव के सामने कर्णावती नदी में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिला।पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या का केस मानकर जांच में जुट गई।

थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय ने मृतक की पहचान कठवइयां निवासी राहुल प्रजापति के रूप में की है, जो 25 अप्रैल की रात 11 बजे से लापता था। परिजनों ने 26 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह दादा चंद्रमणि प्रजापति ने नदी में उतराता हुआ पाेते का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में ले लिया। शव भारी पत्थर से बंधा मिला। जीभ बाहर निकली, नाक के नीचे खून का थक्का और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। नगर क्षेत्राधिकारी विवेक जावला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटवाए। परिजनों के अनुसार, राहुल बारात देखकर घर लौटा था, तभी किसी का फोन आने पर वह घर से निकल गया और वापस नहीं आया।

थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। परिजनाें की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा