बंदीगृह में बंदी की मौत के मामले में महिला दो गिरफ्तार, किशोर अभिरक्षा में
शाहजहांपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कचहरी परिसर स्थित बंदीगृह के शौचालय में 22 वर्षीय बंदी की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, मामला आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से संबंधित है।
पुलिस के मुताबिक, पुवायां थाना क्षेत्र निवासी दीपक उर्फ टाईमपास छह अक्टूबर से एक आपराधिक मामले में जिला कारागार में बंद था। 16 अक्टूबर को उसे रिमांड पेशी के लिए कचहरी लाया गया था, जहां बंदीगृह के शौचालय में उसका शव फंदे से लटका मिला। मृतक के पिता बेचे ने आरोप लगाया था कि किशोरी को ले जाने के मामले में उनके बेटे के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया था। उन्होंने किशोरी के परिजनों पर तीन लाख रुपये मांगने, धमकी देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर सदर बाजार थाने में किशोरी की मां समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। सदर बाजार पुलिस ने रविवार को मामले में आरोपित 20 वर्षीय युवक और किशोरी की मां को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ एक अपचारी किशोर को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

