home page

औरैया : पिटाई से छात्र की आंख खराब होने का आरोप, पिता की तहरीर पर कॉलेज प्रबंधक पर मुकदमा

 | 
औरैया : पिटाई से छात्र की आंख खराब होने का आरोप, पिता की तहरीर पर कॉलेज प्रबंधक पर मुकदमा


-पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया केस, डंडे से पीटने का आरोप

औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बाबरपुर स्थित एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक पर कक्षा 10 के छात्र को डंडे से पीटने और इससे उसकी आंख में गंभीर चोट लगने का आरोप लगा है। छात्र के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के चांवरपुर निवासी अजीत सिंह राजपूत पुत्र स्वर्गीय कृष्ण स्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र आर्यन बाबरपुर स्थित बीआरएसडी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप है कि 30 जुलाई 2026 को लंच के दौरान खाना खाने के बाद आर्यन लघुशंका के लिए चला गया। इसके बाद जब वह वापस अपनी कक्षा में जा रहा था, तभी कॉलेज प्रबंधक आरएस मिश्रा डंडा लेकर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। पिता का आरोप है कि डंडे से की गई पिटाई के कारण उनके पुत्र की आंख में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी आंख खराब हो गई। मामले में छात्र के पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर के आधार पर कॉलेज प्रबंधक आरएस मिश्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार