home page

यूपी एसटीएफ ने कुख्यात रणदीप भाटी गैंग के शूटर कल्लू को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

 | 
यूपी एसटीएफ ने कुख्यात रणदीप भाटी गैंग के शूटर कल्लू को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार


नोएडा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने आगरा पुलिस के साथ एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान रणदीप भाटी गैंग के कुख्यात अपराधी 50 हजार रुपये के इनामी एक शातिर बदमाश को शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। एसटीएफ द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। उक्त बदमाश ने जनपद गौतम बुद्ध नगर के थाना बिसरख में तैनात एक कांस्टेबल की पिस्टल वर्ष 2016 में लूटी थी। इसके अलावा इसके खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास ,हत्या सहित विभिन्न धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज हैं। इसके पास से कांस्टेबल से लूटी गई पिस्टल,कारतूस आदि बरामद हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नोएडा यूनिट राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस ने जनपद आगरा के थाना एकता क्षेत्र में एक मुठभेड़ के दौरान पवन उर्फ कल्लू पुत्र संत रामनिवासी सिरौली थाना लोनी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली इसके पैर में लगी है। इसके ऊपर जनपद गाजियाबाद पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। यह कुख्यात बदमाश रणदीप भाटी, अमित कसाना गैंग का शूटर है। इसके खिलाफ हत्या के चार, रंगदारी के दो मुकदमे, लूटपाट और अन्य धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि यह बदमाश जनपद आगरा में रंगदारी मांगने के मामले में वांछित था। वर्ष 2021 में एक हत्या के मामले में इस पर एक लाख रुपये के इनाम घोषित हुआ था। बाद में दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़ा गया था।

उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश ने नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद सहित विभिन्न जगहों पर कई वारदातें की है। उन्होंने बताया कि इस बदमाश का जेल में रहते हुए हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से संपर्क हुआ। वर्ष 2025 में जेल से छूटते ही बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगनी प्रारंभ कर दिया था। हरियाणा के गैंग के साथ मिलकर उसने दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कई बड़ी घटनाएं करने की योजना बनाई थी। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश ने वर्ष 2016 में थाना बिसरख में तैनात कांस्टेबल मोनू धीमान से 9 एमएम की पिस्टल लूट ली थी। यह कांस्टेबल उस समय अपर जिला जज के पीएसओ के रूप में तैनात थे। यह पिस्टल उसके पास से बरामद हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी