50 हजार के इनामी गौ तस्कर को एसटीएफ ने आजमगढ़ से किया गिरफ्तार
प्रयागराज, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने सोमवार रात को पचास हजार के इनामी गौ तस्कर को आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। यह जानकारी मंगलवार को एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खौरा रसूलपुर व्यवहार गांव निवासी आरिफ पुत्र इस्माइल है। इसके खिलाफ गौ कशी सहित विभिन्न धाराओं में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी के लिए मेहनगर थाने से 50 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार इसकी तलाश में लगी हुई थी।
उन्होंने बताया कि इनामी एवं फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीमें सक्रिय की गई थी। इसी क्रम में एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में उप निरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह और उनकी टीम लगी हुई थी। एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम सूचना संकलन में जुटी हुई थी कि सोमवार को पता चला कि एक इनामी गौ तस्कर आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई किया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि वह 2022 से गौ वंश खरीदने का काम करता था। उसके इस कार्य में सोनू उर्फ जावेद, पप्पू उर्फ अली अहमद भी रहते थे। इस दौरान उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

