सोनभद्र पुलिस का कमाल, पांच साल से लापता महिला की एआई से बनाई फोटो, पति और दो बेटों के साथ राजस्थान से किया बरामद
सोनभद्र, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 05 वर्ष से लापता एक महिला की बचपन की फोटो से एआई तकनीक से वर्तमान उम्र के अनुरूप फोटो बनाकर तलाश शुरू किया और राजस्थान के जनपद चूरू से महिला को सकुशल खोज निकाला। इस मामले में बभनी थाना पर तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने एआई तकनीकी से फोटो तैयार कर महिला को खोज निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक लखनऊ ने आरक्षी विजय पाण्डेय को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार तथा पुलिस अधीक्षक सोनभद्र 2,100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान सम्मानित किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया थाना बभनी पर 14 जूलाई 2026 को किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार निवासी जौराही, थाना बभनी ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री मंजू देवी खरवार, उम्र करीब 30 वर्ष लगभग पांच वर्षों से लापता है। शिकायतकर्ता के अनुसार पांच वर्ष पूर्व गांव की ही निवासी मंजू देवी गोंड़ पत्नी राजेन्दर गोंड़ द्वारा शादी कराने की बात कहकर उनकी पुत्री को वाराणसी ले जाया गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। बभनी थाना पुलिस ने फौरन इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू किया। पुलिस टीम ने परिजनों से फोटो प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई फोटो उपलब्ध नहीं हो सकी। विवेचना के दौरान संबंधित विद्यालय में जानकारी करने पर छात्रवृत्ति फार्म में वर्ष 2007 में कक्षा 04 में अध्ययन के समय की गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो मिली।
थाने पर तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने चैट जीपीटी के माध्यम से बचपन की फोटो से वर्तमान उम्र के हिसाब से फोटो बनाई। तैयार तस्वीर को परिजनों को दिखाया गया, जिसे उनके द्वारा अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में पहचान कर प्रमाणित किया गया। इसके बाद पुलिस ने एआई द्वारा निर्मित फोटो के आधार पर विवेचना शुरू की। जांच के बाद पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के जनपद चूरू के थाना हमीरवास क्षेत्रांतर्गत ग्राम गोविन्द सिंह का बास पहुंच कर गुमशुदा महिला मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया। 05 वर्षों से लापता महिला ने पुलिस को बताया कि वह वहां अपने पति उमेन्द्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस टीम ने 05वर्ष से लापता महिला को जब परिजनों से मिलवाया तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं था। परिजन और क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशंसा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

