home page

सॉल्वर गैंग के सरगना को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 15 लाख रुपये में परीक्षा कराने की हुई थी डील

 | 
सॉल्वर गैंग के सरगना को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 15 लाख रुपये में परीक्षा कराने की हुई थी डील


लखनऊ, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुसैनगंज थाना पुलिस ने सोमवार को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दिलाने वाले साल्वर गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है।

हुसैनगंज थाना के थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दिलाने वाला साल्वर गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान सुलतानपुर जिले के सहतपुर गांव निवासी ऋषिकेश सिंह के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बप्पा श्रीनारायण वोकेशनल गर्ल्स इण्टर कालेज के केन्द्र व्यवस्थापक तीन मार्च को शिकायत दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि उनके कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी विजय प्रताप सिंह (अनुक्रमांक 402052901) के स्थान पर एक अन्य बाहरी व्यक्ति जाली दस्तावेज और फर्जी आधार कार्ड का प्रयोग कर अवैध रूप से परीक्षा दे रहा है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। थाना हुसैनगंज की पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजेश प्रताप सिंह को पूर्व में (घटना के दिन ही) गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों, बैंक विवरण, सीसीवीटी फुटेज के आधार पर सुलतानपुर जिले के सहतपुर निवासी अभियुक्त ऋषिकेश की घटना में संलिप्ता पायी गयी है।

अभियुक्त ऋषिकेश सिंह ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा में वास्तविक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दिलाने के उद्देश्य से राजेश प्रताप सिंह को 15 लाख रुपये में परीक्षा देने के लिए तय (हायर) किया था जो राजेश प्रताप उपरोक्त को सात लाख रूपये बैंक खाते में भेजा गया था। इसके लिए कूटरचित दस्तावेज एवं फर्जी आधार कार्ड की व्यवस्था की गई थी और घटना के दिन ही ऋषिकेश अपनी गाडी छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस टीम अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे थे कि सर्विलांस सेल की मदद अभियुक्त ऋषिकेश सिंह एक सूचना के आधार पर 26 जुलाई को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक