पति के मुफ्त इलाज का झांसा देकर पत्नी से तीन लाख के जेवर ठगे, टप्पेबाज महिला गिरफ्तार
कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के स्वरूप नगर स्थित हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) में भर्ती एक पुरुष मरीज की पत्नी को मुफ्त इलाज का झांसा देकर एक महिला ने बहला-फुसलाकर करीब तीन लाख रुपये के जेवर ठग लिए। घटना के सदमे में भर्ती मरीज (पति) की मौत हो गई। पुलिस ने करीब तीन सौ सभी ज्यादा सीसीटीवी फुटेजों के माध्यम से गुरुवार काे आरोपित महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से सभी जेवर बरामद कर लिए हैं।
पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया मूलरूप से फतेहपुर के रहने वाले वाली जगदेई ने बताया कि उनके पति शिव मोहन को पांच अप्रैल को कार्डियोलॉजी में भर्ती कराया था। अगले दिन यानी छह अप्रैल को उनके पास एक महिला आई जिसने पति का मुफ्त में इलाज करने की बात कही और अपनी बातों में बहला फुसलाकर करीब तीन लाख की कीमत के पहने हुए जेवर उतरवा लिए। इसके बाद मौके से फरार हो गई।
ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने स्वरूप नगर थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उधर पति की इलाज के दौरान मौत भी हो गयी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे करीब 300 से भी ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तभी मुखबिर की सूचना पर आरोपित महिला के पास से सभी जेवरों की बरामदगी के साथ हैलट अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। टप्पेबाज महिला की पहचान शुक्लागंज पोनी रोड निवासी अनीता उर्फ गुड्डी के रूप में हुई। शातिर महिला की क्रिमनल हिस्ट्री है। इस तरह की घटनाऐं वह पहले भी कर चुकी है। हालांकि उससे पूछताछ जारी है उसके खिलाफ अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

