24 लाख की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर कोतवाली देहात पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 24 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में पुलिस टीम ने एक सूचना पर थाना क्षेत्र के लोहदीकला गांव के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पप्पू तिवारी निवासी लोहदीकला, दीपक बिंद निवासी जंगीरोड़ ककरहवां थाना कटरा, संतोष कुमार गौतम निवासी भूजवां की चौकी तथा राजन उपाध्याय निवासी लोहदीकला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपित मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त और क्षेत्र में सक्रिय रूप से नेटवर्क चला रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में कोतवाली देहात थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपितों को न्यायालय भेजा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

