home page

15 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
15 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


-चील्ह पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, बिहार ले जाई जा रही थी 2704 बोतल शराब

मीरजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। चील्ह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को 15 लाख रुपये मूल्य की 2704 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान बिहार के दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार कर शराब से लदी पिकअप भी सीज कर दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान सूचना पर थाना चील्ह क्षेत्र के पुराना बाड़ा गांव के पास पिकअप वाहन (यूपी 65 आरटी 2856) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 1870 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू (180 एमएल), 775 बोतल मैजिक मूवमेंट जामुन स्पाइसी मिंट (180 एमएल), आठ बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) तथा 51 बोतल मैजिक मूवमेंट ऑरेंज व ग्रीन एप्पल (750 एमएल) बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से बिहार के अरवल जनपद निवासी अमित कुमार सिन्हा और जैकी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के मऊगंज क्षेत्र से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

एएसपी ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह, चील्ह पुलिस टीम तथा आबकारी विभाग के निरीक्षकों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा