home page

मीरजापुर: कार में 300 बोतल शराब जब्त, तस्करी के दाे आरोपित गिरफ्तार

 | 
मीरजापुर: कार में 300 बोतल शराब जब्त, तस्करी के दाे आरोपित गिरफ्तार


मीरजापुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ड्रमंडगंज पुलिस और एसओजी टीम को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने ड्रमंडगंज घाटी स्थित बरम बाबा मोड़ के पास घेराबंदी कर एक कार से तीन सौ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो आरोपित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आज सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम ने बरम बाबा मंदिर के पास घेराबंदी की। इस दौरान मध्यप्रदेश की ओर से आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार को रोका गया। जांच में कार पर दिल्ली का फर्जी नंबर प्लेट लगा पाया गया। तलाशी के दौरान डिक्की से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपितों ने अपना नाम नागेंद्र शाह (निवासी पटना) और इशू सिंह (निवासी जहानाबाद, बिहार) बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि हरियाणा से शराब लाकर बिहार ले जा रहे थे।

थानाध्यक्ष भारत सुमन के नेतृत्व में एसआई मूलचंद्र वर्मा, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव और कांस्टेबल अमित कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि कार का कोई वैध रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था और वाहन से झारखंड का फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार को सीज कर दिया है। गिरफ्तार तस्करों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा