मीरजापुर : 75 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद
मीरजापुर, 14 अगस्त (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने सूचना पर एक शातिर हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 390 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित की पहचान रामपुर ताैती निवासी अनिल सोनकर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 390 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शमी असरफ सेख समेत कोतवाली देहात पुलिस टीम शामिल रही।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

