छह लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। कटरा कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की 31.52 ग्राम हेरोइन तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने बताया कि बुधवार को कटरा कोतवाली पुलिस ने नागरपुर निवासी अभिषेक सोनकर उर्फ मोनू सोनकर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 31.52 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह एक अज्ञात व्यक्ति से हेरोइन लेकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर मोटरसाइकिल से फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाता था और स्वयं भी बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और हेरोइन की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

