home page

मीरजापुर : 62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलेट से करता था सप्लाई

 | 
मीरजापुर : 62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलेट से करता था सप्लाई


- चुनार पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 310 ग्राम मादक पदार्थ किया बरामद

-गाजीपुर से खरीदकर आसपास के जिलों में बेचने का आरोप

मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर की चुनार पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 310 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

चुनार थाने के उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार गौतम साहनी निवासी सराय टेकौर, थाना चुनार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 310 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 1500 रुपये नकद मिले। इस मामले में चुनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

कार्रवाई करने वाली टीम में एएनटीएफ वाराणसी के उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह और चुनार थाने के उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

गाजीपुर से खरीदकर आसपास के जिलों में करता था बिक्री

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह गाजीपुर जिले के एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर लाता था। इसके बाद बुलेट मोटरसाइकिल से आसपास के जिलों और क्षेत्रों में पुड़िया तथा थोक में इसकी बिक्री करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपित हेरोइन की बिक्री से मिलने वाली रकम से अपनी सुख-सुविधाओं पर खर्च करता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा