भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच में 237 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक व मोबाइल भी बरामद
बहराइच, 15 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बहराइच जेिले की मोतीपुर पुलिस और 59वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने बुधवार को भोर करीब चार बजे बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में 237 ग्राम नाजायज स्मैक, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में थाना मोतीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के पड़रिया चौराहा के पास एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 237 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल तथा ओप्पो रेनो मोबाइल बरामद हुआ। थानाध्यक्ष मोतीपुर ब्रह्मा गोंड ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान इसरार (36 वर्ष), पुत्र करामत अली, निवासी ग्राम मेढ़किया पौण्डा, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में बताई है।
बरामदगी के आधार पर थाना मोतीपुर में मु0अ0सं0 297/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

