home page

औरैया : मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, दो काे लगी गाेली

 | 
औरैया : मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, दो काे लगी गाेली


गोली लगने से दाे घायल, 7.15 लाख नकद, जेवरात, तमंचे व वाहन बरामद

औरैया, 01 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त पुलिस कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, अवैध असलहे, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बिधूना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बेला-बिधूना रोड से ग्राम डहारियापुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर कुछ बदमाश चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार भी हैं।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें मोमीन और विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर के पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस ने कॉम्बिंग कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

छह आरोपित गिरफ्तार, दो घायल

गिरफ्तार आरोपियों में मोमीन पुत्र सुलेमान निवासी सौरिख जनपद कन्नौज, विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर निवासी किशनी मैनपुरी, अमन सविता निवासी बिधूना, अकरम अली, इमरान खान और रोहित राठौर निवासी मैनपुरी शामिल हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सीएचसी बिधूना भेजा गया।

आठ चोरी की घटनाओं का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बिधूना, बेला, कुदरकोट और फफूंद थाना क्षेत्रों में अप्रैल से जून 2026 के बीच हुई आठ बड़ी चोरी की घटनाओं को कबूल किया। आरोपियों ने मकानों के ताले और खिड़कियां तोड़कर नकदी, जेवरात और कीमती सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार गिरोह ने बिधूना के बंथरा बाजार, सूरजपुर मोहल्ला, बेला कस्बा, कुदरकोट के चन्हैया गांव, फफूंद के मुढ़ी गांव सहित कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।

भारी मात्रा में बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख 15 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, ओम लॉकेट, टॉप्स, चांदी की पायल और कर्दनी बरामद की। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चार पहिया वाहन (अर्टिगा व ईको), एक बुलेट मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरण भी बरामद किए गए।

बरामद सोने के जेवरों का कुल वजन लगभग 116 ग्राम तथा चांदी के जेवरों का वजन करीब 998 ग्राम बताया गया है।

इन टीमों ने निभाई अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना बिधूना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह, थाना बेला प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक उदय प्रकाश, मेवालाल और राजेश कुमार सहित संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार