home page

गोरखपुर के कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम हत्याकांड का पर्दाफाश, अवैध संबंध के शक में हत्या करने वाला पट्टीदार गिरफ्तार

 | 
गोरखपुर के कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम हत्याकांड का पर्दाफाश, अवैध संबंध के शक में हत्या करने वाला पट्टीदार गिरफ्तार


-सोते समय सिर पर धारदार हथियार से किए थे चार वार

-17 संदिग्धों से पूछताछ के बाद पकड़ा गया आरोपित

गोरखपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में व्यापारी पुत्र कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम (20) की हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने शनिवार काे पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने अवैध संबंध होने के शक में की थी। आरोपित ने सोते समय धारदार हथियार से शुभम के सिर पर लगातार चार वार किए थे। पुलिस ने आरोपित संतोष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

शनिवार काे पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार ने बताया कि जयंतीपुर गांव निवासी शुभम बीएससी का छात्र था। बुधवार की रात वह अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष मिश्रा वहां पहुंचा और सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शुभम के सिर पर गंभीर चोट के निशान सामने आए। घटना के संबंध में शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और हत्यारे की तलाश शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं पर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ ही शुभम के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली गई। पुलिस ने गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को संतोष मिश्रा की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे शुभम के किसी महिला से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर उसके मन में शुभम के प्रति आक्रोश था। पुलिस के मुताबिक इसी शक के चलते उसने शुभम की हत्या करने की योजना बनाई और मौका पाकर रात में उसके सोने की जगह पर पहुंच गया। वहां उसने धारदार हथियार से शुभम के सिर पर चार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और बरामद हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने हत्याकांड के खुलासे करते हुए यह भी बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपित तक पहुंचने में सफलता हासिल की। प्रेस वार्ता के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ क्राइम अरुणकुमार तथा सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय