हमीरपुर : छापे में 291 बोरी कम मिला खाद्यान्न,राशन विक्रेता की दुकान निलंबित करते हुए मुकदमा दर्ज
हमीरपुर 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक के छापे में ग्राम पंचायत बड़ागांव के राशन विक्रेता के यहां 291 बोरी खाद्यान्न के साथ 40 किलो चीनी कम पाई जाने पर रविवार को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्राम पंचायत बड़ागांव के कार्ड धारक शांती ने छापे के दौरान बयान दर्ज कराते हुए बताया की राशन विक्रेता उसे खाद्यान्न नहीं देता है और डांट कर भगा देता है। अंत्योदय कार्ड धारक रक्ति ने बताया कि उसे गांव का राशन विक्रेता राशन नहीं देता है। वह देवगांव से राशन लाने को मजबूर है। इसी तरह शांति ने बताया कि राशन विक्रेता अंगूठा लगवा कर राशन देने से मना कर देता है। इसके अलावा अन्य कार्ड धारकों ने राशन विक्रेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूर्ति निरीक्षक अभय उपाध्याय ने रविवार को शाम बताया कि 22 जुलाई को बड़ागांव की राशन की दुकान में पंचायत सचिव सुरेंद्र पटेल के साथ छापा मारा गया था। जांच के दौरान स्टॉक में 87 बोरी गेहूं, 132 बोरी चावल, 60 बोरी ज्वार, 1 बोरी बाजरा के अलावा 40 किलो चीनी कम मिली है। इस मामले की रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक ने राशन विक्रेता कुलदीप के खिलाफ आवश्यक अधिनियम के धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज करके दुकान को निलंबित कर दिया है।
सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

