शिवकुमार हत्याकांड में आठ आरोपित गिरफ्तार, आराेपिताें पर की जाएगी एनएसए की कार्रवाई
गोरखपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थानाक्षेत्र में बहुचर्चित शिवकुमार त्रिपाठी हत्या के मामले में मंगलवार को आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. कौस्तुभ ने आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है। इस बीच कथित हमले के मामले एक वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि बिजली विभाग से जुड़े ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी आठ अगस्त को अहिरौली में ब्रह्मभोज में शामिल होने पहुंचे थे। आरोप है कि भोजन के दौरान उन पर पीछे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब उन्हें उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में वाहन रोककर हमलावरों ने उन पर हमला किया। जान बचाने के लिए शिवकुमार भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शिवकुमार के पुत्र आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। घटना के बाद अधिवक्ता समाज में भी जबरदस्त आक्रोश है और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
बेटे का कहना है कि उनके पिता शिवकुमार को ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए एक व्यक्ति ने बार-बार बुलाया था। काफी मान-मन्नौवल के लिए वह कार्यक्रम में गए थे। जब वह भोजन की कतार में बैठे थे, तभी हमलावरों ने पिता पर धारदार हथियार हमला कर दिया था।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में सबसे अहम साक्ष्यों में अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी शामिल हो गया है। वीडियो में कथित रूप से एक आरोपित तलवार से लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस भी वीडियो की जांच कर रही है ताकि उसमें दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और भूमिका स्पष्ट हो सके। यदि वीडियो की फॉरेंसिक जांच में उसकी प्रामाणिकता सिद्ध होती है तो यह अभियोजन के लिए महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य अथवा प्रत्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बन सकता है। इसकी कानूनी स्वीकार्यता और प्रमाणिक मूल्य अंततः जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया में तय होगा।
एसएसपी ने कहा कि इस हत्याकांड को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आठ आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

