औरैया : जुआ खेलते समय सात गिरफ्तार, 26,830 रुपये बरामद
औरैया, 16 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव मोहारी बंबा के पास झाड़ियों में जुआ खेल रहे सात लोगों को अजीतमल कोतवाली पुलिस ने बुधवार काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फड़ से 26,830 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपितों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में मंगलवार शाम को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम मोहारी बंबा के पास झाड़ियों में कुछ लोगों के जुआ खेलने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सात लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहारी निवासी नवल सिंह (45) और विकास कुमार (35), पटेल नगर अजीतमल निवासी सर्वेश कुमार (35), गांधी नगर अजीतमल निवासी नौशाद (43), भूरेपुर कला निवासी शिव कुमार (32), गोपियापुर थाना बकेवर, जिला इटावा निवासी कुंवर सिंह (50) तथा विलावा निवासी पवन कुमार (28) शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 26,830 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

