home page

मीरजापुर : उपली पर पुआल का गर्दा पड़ने के विवाद में किसान के खलिहान में लगाई आग

 | 
मीरजापुर : उपली पर पुआल का गर्दा पड़ने के विवाद में किसान के खलिहान में लगाई आग


- दो बीघा का पुआल, चारपाई और बिस्तर जलकर राख, दंपती पर आग लगाने का आरोप

मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गलरिया गांव में उपली पर पुआल का गर्दा पड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद किसान के खलिहान में आग लगने का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात लगी आग में दो बीघा धान का पुआल, चारपाई, बिस्तर और छावनी जलकर राख हो गई। किसान ने गांव के ही एक दंपती पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को थाने में तहरीर दी है।

किसान भोला सिंह पटेल के अनुसार बुधवार शाम वह दो बीघा धान की फसल की मड़ाई करा रहे थे। इस दौरान थ्रेसिंग से निकला पुआल का गर्दा गांव की एक महिला की उपली पर चला गया। इसी बात को लेकर महिला और उसका पति खलिहान में पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। किसान ने उन्हें उपली पर जमी धूल साफ कराने का आश्वासन दिया था।

आरोप है कि रात करीब 11 बजे दंपती ने खलिहान में रखे पुआल में आग लगा दी। आग की चपेट में आकर दो बीघा का पुआल, चारपाई, बिस्तर और छावनी जल गई। किसान ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि किसान की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा