home page

जीआरपी मीरजापुर ने ट्रेन से सांसी गैंग के चार शातिर चोर किए गिरफ्तार, मोबाइल फोन,जेवर व नगदी भी बरामद

 | 
जीआरपी मीरजापुर ने ट्रेन से सांसी गैंग के चार शातिर चोर किए गिरफ्तार, मोबाइल फोन,जेवर व नगदी भी बरामद


मीरजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जीआरपी मीरजापुर ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय सांसी गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से पांच चोरी के मोबाइल, दो सोने की अंगूठियां, तीन चांदी की पायल और 4,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मंगलवार को थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजगीर जनता एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में छापेमारी कर चारों आरोपिताें को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे सांसी गैंग के सदस्य हैं और 7-8 लोगों के समूह में ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। गैंग का एक सदस्य सूजे की मदद से ट्रॉली बैग और सूटकेस की चेन खोलकर कीमती सामान निकालता है, जबकि अन्य सदस्य सामान लेकर अलग-अलग डिब्बों में चले जाते हैं। स्टेशन पर सीसीटीवी से बचते हुए अलग-अलग उतरकर फरार हो जाते हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह विशेष रूप से एसी कोच में यात्रा करने वाले परिवारों और सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता था। चोरी के जेवर स्थानीय सर्राफों को बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी। जीआरपी ने आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा