home page

संभल की मस्जिद में मिले पोस्टर और झंडे, विवादित सामग्री मिलने पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
संभल की मस्जिद में मिले पोस्टर और झंडे, विवादित सामग्री मिलने पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


संभल, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के कसेरुआ में मस्जिद में कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मस्जिद के अंदर 49 पोस्टर बरामद किए गए, जिन पर आई लव मोहम्मद लिखा हुआ था। इसके अलावा एक ऐसा झंडा भी मिला, जिस पर अर्धचंद्र और सितारे का निशान बना था तथा प्रथम दृष्टया वह पाकिस्तानी झंडे जैसा प्रतीत हो रहा था।

इस मामले में थाना नखासा पुलिस ने बीएनएस की धारा 353(2) के तहत मुकदमा संख्या 113/26 दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि उक्त सामग्री के माध्यम से समाज में वैमनस्यता फैलाने और सांप्रदायिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में जाकिर, जाकिर हुसैन, तस्लीम, भूरे अली, सफरुद्दीन, दिलशरीफ, मोहब्बत अली और नन्हे समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है।

सभी आरोपित ग्राम कसेरुआ के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और बरामद पोस्टरों व झंडे की वास्तविक प्रकृति की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और और दूसरे दिन भी मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्यवाही जारी है। प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील कर रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक संभल उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि कल नखासा थाना क्षेत्र के ग्राम कसेरुआ में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ संदिग्ध सामग्री मिली थी । स्थानीय पुलिस में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और विवेचनात्मक कार्रवाई चल रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar