हरियाणा का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, आंखों में मिर्च झोंककर आभूषण का थैला लूटने में था वांछित
फिरोजाबाद, 03 अक्टूबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस एवं एसओजी टीम ने शुक्रवार को 50 हजार के ईनामी हरियाणा के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त अपने साथियों के साथ ज्वैलर्स की आँखों में मिर्च झोंककर ज्वैलरी के थैले को काटकर ले जाने के मामले में फरार था। पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर उसे जेल भेजा है।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के खत्राना मोहल्ला निवासी हरिओम वर्मा पुत्र अर्शफीलाल 12 जून को थाना शिकोहाबाद पर शिकायत दी कि वह कटरा बाजार, शिकोहाबाद स्थित अपनी ज्वैलर्स की दुकान बन्द करके मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। डा. मोहन के घर के पास खत्राना मोहल्ला में पहले से मौजूद मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसकी आंखों में मिर्च झोंककर उसकी मोटरसाइकिल पर रखे ज्वैलरी के थैले को काटकर ले गए है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के साथ ही अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी। इस मामले में अभियुक्तगण सुनील, मुकेश उर्फ जोगेन्द्र उर्फ लम्बू तथा गुलजार को थाना कापसहेड़ा, जनपद दक्षिण-पश्चिम दिल्ली ने 15 जून को गिरफ्तार किया। अभियुक्तगण के कब्जे से थाना कापसहेड़ा, दिल्ली पुलिस द्वारा 01 लाख रुपये बरामद हुये। इसी के साथ ही थाना शिकोहाबाद पुलिस ने 19 जून की रात्रि को एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ में 03 अभियुक्तगण सुमित शर्मा उर्फ भोला, नीरज शर्मा तथा कोशेन्द्र हरसाना को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से कुल 19 लाख रुपये, असलाह, कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद हुए।
थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान अभियुक्त भीष्म उर्फ फौजी उर्फ मोटा पुत्र मंजीत निवासी मलिकपुर बांगर, थाना विलासपुर, जनपद यमुनानगर, हरियाणा का नाम प्रकाश में आया, जो लगातार फरार चल रहा था अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 50 हजार का ईनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस एवं एसओजी टीम ने सूचना पर जनपद यमुनानगर हरियाणा के थाना विलासपुर के ग्राम सधौरा रोड से वांछित ईनामी अभियुक्त भीष्म उर्फ फौजी उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

