बहराइच में कट्टे की नोक पर बीसी संचालक से 2.53 लाख रूपये की दिनदहाड़े लूट, पुलिस कर रही बदमाशों की तलाश
बहराइच, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के थाना पयागपुर क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर मंगलवार काे बड़ी लूट की। नकाबपोश तीन बदमाशों ने एक बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) संचालक को रोककर कट्टे की नोक पर करीब 2.53 लाख रुपये की नकदी, बीसी मशीन और बैग लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए।
अयोध्या प्रसाद शुक्ला पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर शुक्ला, निवासी राम उगर पुरवा, मौजा शिवदहा, थाना पयागपुर, मर्सिडीज चौराहा पर बीसी संचालन करते हैं। मंगलवार सुबह वह खजूरी स्थित इलाहाबाद बैंक से बैंक संबंधी कार्य पूरा कर वापस लौट रहे थे। बताया गया कि वह शायरी गांव होते हुए नहर मार्ग से जैसे ही सेवढ़ा गांव के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर कट्टा सटाकर बैग और बीसी मशीन छीन ली। बैग में 2,53,000 रुपये की नकदी रखी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा बदमाशों की तलाश के लिए संभावित मार्गों पर पुलिस सक्रिय हो गई है।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना के बाद क्षेत्र के बीसी संचालकों, व्यापारियों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

