नोएडा : सड़क हादसों में तीन की मौत
नोएडा, 08 अप्रैल (हि.स.)। नोएडा के अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है। संबंधित थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 98 के पास बुधवार दोपहर को हुए एक सड़क हादसे में विनय गुप्ता (57)पुत्र पदमचंद गुप्ता निवासी प्रतीक स्टाइलहोम सोसायटी सेक्टर 45 गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बेटे क्षितिज ने उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी के पास में बीती रात मंगलवार को हुए सड़क हादसे में शशांक (28) पुत्र कमलेश कुमार मूल निवासी जनपद ग्वालियर मध्य प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
इसी तरह थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में कमरूद्दीन (56) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

